आगरा। अपनी सख्त छवि से पहचाने जाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगरा में दूसरा पहलू देखने को मिला। जनसभा से पहले मुख्यमंत्री ने चार बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। चांदी के चम्मच से उन्हें दही खिलाया तो दो बच्चे उनकी गोद में आकर चिपक गए। उन्होंने बच्चों को उनकी मां को देना चाहा तो वह गोद से नहीं उतरे ही नहीं। इस पर लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को अन्नप्राशन कराया तो इसके बाद गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की। उन्होंने माताओं को पोषण की टोकरी दीं और उनसे टीकाकरण, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। इसके बाद प्रदर्शनी में स्कूली बच्चों के बनाए मॉडल देखे और उनसे बात की। बच्चों के मॉडल देखकर मुख्यमंत्री खुश हुए और सभी बच्चों को चॉकलेट दीं।
बटेश्वर, शौरीपुर के काम दिलाए याद
मुख्यमंत्री ने इसके बाद हुई जनसभा में कहा कि बटेश्वर धाम, कैलाश मंदिर, गुरुद्वारा गुरु का ताल, गीत गोविंद वाटिका, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव बटेश्वर, फतेहपुर सीकरी तथा शौरीपुर जैन तीर्थ का विकास कराया है। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की स्मृति में 500 महिलाओं के लिए छात्रावास के निर्माण की जानकारी दी।
ग्रामीण महिलाओं ने दिखाए उत्पाद
आगरा। मुख्यमंत्री के सामने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई, जिसमें बरौली अहीर की महिलाओं के बनाए गए पर्स और दरी, पिनाहट और जगनेर का शुद्ध शहद, खंदौली व अछनेरा के जूट उत्पाद और सैंया के साबुन और टॉयलेट क्लीनर के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के जिला मिशन प्रबंधक मयंक कुमार ने बताया कि इससे महिलाओं को रोजगार मिल रहा है और ग्रामीण महिलाएं अब आत्मनिर्भर बन रहीं हैं।

बच्चों को दुलारते सीएम योगी।
