इटावा। फौरी राहत के बाद जिले में एक बार फिर लू और तेज गर्मी का दौर लौटने वाला है। मौसम विभाग की ओर से जारी सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 21 और 22 जून को जिले में हीट वेव चलने की आशंका है। इन दिनों अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री तक पहुंच सकता है।
वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बतायाकि अगले तीन दिन यानी 18 से 20 जून तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री के आसपास बना रहेगा। बताया कि 21 जून से गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। मौसम विभाग ने हीट वेव की चेतावनी जारी की है। वहीं सापेक्षिक आर्द्रता सुबह 60 प्रतिशत और शाम को 30 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जिससे उमस और गर्म हवाओं का असर अधिक महसूस होगा। उन्होंने बताया कि 23 जून को तापमान में हल्की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहने का अनुमान है, लेकिन मौसम साफ रहने के कारण गर्मी से तत्काल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। जिलेवासियों को अगले सप्ताह की शुरुआत तक तेज गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ सकता है।
