लखनऊ। दिल्ली में खराब मौसम के कारण रविवार रात से लेकर सोमवार सुबह तक 15 उड़ानें लखनऊ डायवर्ट की गईं। इसी बीच दिल्ली से लखनऊ आ रहे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य की उड़ान भी लैंड नहीं हो सकी। विमान को भोपाल डायवर्ट कर दिया गया।

दोनों उप मुख्यमंत्री दिल्ली से भोपाल की इंडिगो की उड़ान (6ई-6476) से लखनऊ आ रहे थे। विमान सुबह 7:16 बजे रवाना हुआ। विमान लखनऊ पहुंचा तो यहां मौसम खराब हो जाने के कारण उतर नहीं सका। पायलट ने तीन बार प्रयास किया, पर सफलता नहीं मिली। फिर एयर ट्रैफिक कंट्रोलर की अनुमति पर इसे भोपाल भेज दिया गया। सुबह 10:26 बजे यह भोपाल एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। मौसम सामान्य होने पर विमान दोपहर करीब 12:30 बजे लखनऊ में उतरा।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी रहीं प्रभावित

दिल्ली में दृश्यता कम होने से लखनऊ डायवर्ट की गईं उड़ानों में से तीन अंतरराष्ट्रीय थीं। इनमें काठमांडू से एयर इंडिया की उड़ान एआई-212, मस्कट से एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-164 और फुकेट से इंडिगो की उड़ान 6ई-1082 शामिल रहीं। लखनऊ भेजी गईं घरेलू उड़ानों में औरंगाबाद से इंडिगो की 6ई-6257, मुंबई से एयर इंडिया की एआई-2986, कोयंबटूर से इंडिगो की 6ई-2409, गुवाहाटी से आईएक्स-1042, हैदराबाद से एसजी-902 व 6ई-6025, जयपुर से इंडिगो की उड़ान 6ई-663, 6ई-2376 व 6ई-101 और एयर इंडिया की एआई-895, बंगलूरू से इंडिगो की उड़ान 6ई-839 शामिल थीं। इंडिगो की हैदराबाद से लखनऊ आने वाली उड़ान 6ई-179 व चंडीगढ़ से आने वाली 6ई-146 की हवा में कई चक्कर काटने के बाद लैंडिंग हो सकी।

ईस्ट एप्रन तैयार, रात में भी रुक सकेंगे विमान

अमौसी एयरपोर्ट पर ईस्ट एप्रन बनाया गया है। इससे नियमित ट्रैफिक को प्रभावित किए बगैर 15 अतिरिक्त विमानों को खड़ा किया जा सकेगाा। इन्हें रात में भी रुकवाया जा सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *