फोटो: 07:::: स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण से सकरा ईश्वरीपुर बंबा-चकरनगर मार्ग। संवाद
सात मीटर चौड़ी हो जाएगी सड़क, डेढ़-डेढ़ मीटर का दोनों ओर होगा फुटपाथ
-गांवों के पास हटाया जाएगा अतिक्रमण, जमीन का दिया जाएगा मुआवजा
संवाद न्यूज एजेंसी
लवेदी। ईश्वरीपुर बंब से नवादा, बहादुरपुर होते हुए लखना-चकरनगर मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली लगभग 14.75 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दिया है। सड़क चौड़ीकरण के बाद यह सड़क सात मीटर चौड़ी हो जाएगी और सड़क के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर की पटरी होगी। इसके साथ ही गांवों के पास दोनों ओर नालियों का निर्माण कराया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सुरक्षित और सुगम आना-जाना कर सकेंगे।
पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई हिंद मोहन सिंह ने बताया कि चौड़ीकरण की जद में आने वाली किसानों की जमीन का राजस्व विभाग सर्किल रेट के आधार पर उचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ से दो मीटर तक किसानों की जमीन इस परियोजना में प्रभावित हो सकती है। साथ ही बिजली विभाग के जो खंभे और तार सड़क निर्माण में बाधा बन रहे हैं, उन्हें दूसरी ओर शिफ्ट किया जाएगा।
सड़क चौड़ीकरण कार्य पुरानी सड़क पर ही किया जा रहा है और किसी गांव के बाहर नया मार्ग नहीं बनाया जाएगा। जहां कहीं भी अतिक्रमण पाया जाएगा, उसे हटाया जाएगा। वहीं सड़क चौड़ीकरण के बीच कोई वृक्ष नहीं आ रहा है इससे पेड़ों को काटने की भी कोई जरूरत नहीं होगी। गांवों में सड़क की जद में आने वाले मकानों के मालिकों को नोटिस दिया जाएगा। गांवों में नाम जोख के साथ निशान लगाए जा चुके हैं। इसी आधार पर निर्माण कार्य किया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण कार्य पूरी होने के बाद लवेदी व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
