
– कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए यात्रा कर रही थीं लड़कियां
– आरोपी अपने परिचितों को वीडियो कॉल कर दिखा रहे थे लड़कियों के वीडियो
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में यात्रा कर रही लड़कियों का अश्लील वीडियो बनाते हुए सहयात्रियों ने दो लड़कों को पकड़कर जीआरपी के हवाले किया है। युवक ऊपर की बर्थ पर बैठकर युवतियों का वीडियो बना रहे थे और अपने परिचितों को भेज रहे थे। मामला ललितपुर का होने के चलते झांसी जीआरपी ने आरोपियों को ललितपुर भेज दिया है।
दिल्ली के शाहदरा की रहने वालीं चार लड़कियां ट्रेन नंबर 12651 मदुरै-हजरत निजामुद्दीन कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में दिल्ली के लिए यात्रा कर रही थीं। इसी कोच में राजस्थान निवासी दो युवक भी सवार थे। ट्रेन जब ललितपुर के तालबेहट और झांसी के बीच चल रही थी तो इसी दौरान ऊपर की बर्थ पर बैठे दोनों युवकों ने अपनी सीट पर सो रहीं लड़कियों के अश्लील वीडियो अपने मोबाइल फोन से बनाने शुरू कर दिए। युवक इतने बेखौफ थे कि वह अपने परिचितों को वीडियो कॉल कर लड़कियों का वीडियो भी उन्हें दिखा रहे थे। इसी बीच एक लड़की की नजर युवकों की हरकतों पर पड़ी और उसने विरोध करते हुए सहयात्रियों को मामले की जानकारी दे दी। इसके बाद अन्य यात्रियों ने रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना देते हुए मदद मांगी। यहां ट्रेन जब दोपहर 12 बजे झांसी पहुंची तो डिप्टी एसएस वाणिज्य विनय कुमार सिंह आरपीएफ और जीआरपी के साथ कोच पर पहुंच गए। इसके बाद जीआरपी ने आरोपी युवकों के मोबाइल की जांच की तो उनमें लड़कियों के वीडियो बरामद हो गए। इसके बाद जीआरपी दोनों युवकों को थाने ले आई और जीआरपी ललितपुर को मामले से अवगत कराया। झांसी जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना ललितपुर जीआरपी थाना क्षेत्र की होने के चलते जीआरपी ललितपुर को बुलाकर आरोपियों को उन्हें सौंप दिया गया है। आगे की कार्रवाई ललितपुर जीआरपी ही करेगी।
