= कानपुर का रहने वाला है चालक, हैलट रेफर, पत्नी ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंच की पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
अचलगंज। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बंथर गांव के सामने कार से उतरते समय वाहन की टक्कर से दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर होने से हैलट रेफर कर दिया गया।
थानाक्षेत्र के आटा गांव निवासी संजय पासवान (38) मंगलवार रात लखनऊ से कार से गांव लौट रहा था। कार गल्ला मंडी कानपुर निवासी आकाश सिंह चला रहे थे। एलिवेटेड रोड के 71 किमी स्थित बंथर गांव के पास संजय ने गाड़ी रुकवाई और उतर गए। किराया लेने के लिए चालक भी कार के बाहर आ गया। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। दोनों घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने संजय को मृत घोषित कर दिया।
घायल आकाश को हैलट रेफर किया गया। उधर संजय के घर न पहुंचने पर परिजनों ने लखनऊ में वह जहां काम करता था, वहां जानकारी ली तो पता चला कि वह चार बजे ही घर के लिए निकल गया था। परिजन तलाश कर रहे थे, तभी उन्हें अज्ञात में शव पोस्टमार्टम हाउस में रखा होने का पता चला। पत्नी रीता ने शव की पहचान की। पति का शव देख वह बिलख पड़ी। मृतक के चार बेटियां हैं। थानाध्यक्ष एसएन त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। वाहन का पता लगाया जा रहा है।
