= एक दिन पहले प्लांट में ऑपरेटर दोस्त के पास उन्नाव आया था

संवाद न्यूज एजेंसी

उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के करोवन मोड़ के पास शुक्रवार भोर संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक बेसुध हालात में पड़ा था। कुछ लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। जहर निगलने की आशंका और मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है।

आजमगढ़ जिले के सराय मीर थानाक्षेत्र के कमरावा, नरदहा गांव 30 वर्षीय निवासी पिंटू चेन्नई में एक स्टील प्लांट में ऑपरेटर था। बहन संध्या के मुताबिक तीन दिन पहले उसने फोन पर बात की थी। वह एक दिन पहले उन्नाव आया था और यहां स्टील प्लांट के ऑपरेटर दोस्त के पास रुका था।

27 नवंबर की भोर करीब तीन बजे कुछ लोग उसे इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पिंटू करोवन मोड़ के पास पड़ा हुआ था। इमरजेंसी में भर्ती कराने के बाद वह लोग चले गए थे। शनिवार को इलाज के दौरान पिंटू की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके पास मिले आई कार्ड की मदद से परिजनों को घटना की जानकारी दी।

देर रात अस्पताल पहुंचे परिजन शव देखकर बिलख उठे। उनके मुताबिक पिंटू की शादी नहीं हुई थी। उसकी मौत से भाई रिंकू, बिंदु, विमलेश सहित दो बहनें बेहाल हैं। मामले की जांच कर रहे मगरवारा चौकी इंचार्ज रवि शंकर पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, हालांकि उसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जहर निगलने की आशंका पर विसरा सुरक्षित किया गया है। कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। यह भी जांचा जा रहा है कि वह कहां पड़ा था और उसके साथ क्या हुआ।



Source link

अभी अभी की खबरें