= टैंकर से एथेनॉल और फ्यूल टैंक से डीजल के रिसाव से अफरातफरी
= आग के खतरे और सड़क पर फिसलन से लगा चार किलोमीटर लंबा जाम
= दमकल कर्मियों ने फोम कंपाउंड का छिड़काव कर किया बचाव
संवाद न्यूज एजेंसी
पाटन। सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक मवेशी को बचाने के प्रयास में बालू लदे डंपर और एथेनॉल लेकर जा रहे टैंकर में आमने-सामने टक्कर हो गई। टैंकर और उसके फ्यूल टैंक में रिसाव होने से डीजल और एथेनॉल सड़क पर फैल गया। ज्वलनशील पदार्थ से आग लगने का खतरा देख वाहन चालकों में अफरातफरी मच गई। दोनों तरफ करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। अग्निशमन कर्मियों ने फोम कंपाउंड का छिड़काव कर आग के खतरे खत्म किया। बाद में हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त टैंकर को हटवाया गया।
हरदोई निवासी चालक मिथिलेश कुमार सीतापुर से एथेनॉल लेकर कानपुर जा रहा था। सामने से बांदा से बालू लेकर डंपर चालक दीपक बाराबंकी जा रहा था। सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर बारासगवर थानाक्षेत्र के जगतपुर गांव के पास डंपर के सामने अचानक मवेशी आने से वह अनियंत्रित होकर, टैंकर में टकरा गया। तेज टक्कर होने से बाद टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया उससे एथेनॉल व फ्यूल टैंक से डीजल का रिसाव होने लगा। डीजल और एथेनॉल रिसकर सड़क पर बहने लगा और काफी दूर तक फैल गया। फिसलन और आग के खतरे को देखते हुए यातायात रुक गया। कुछ देर में दोनों तरफ वाहनों की कतारे लग गईं। स्थानीय लोगों ने दोनों चालकों को निकालकर सीएचसी ऊंचगांव भेजा, जहां दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया।
सूचना पर आबकारी निरीक्षक प्रतिभा सिंह और अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची। दमकल कर्मियों ने एथेनॉल पर फोम कंपाउंड का छिड़काव किया। साथ ही हाइड्रा की मदद से टैंकर को सड़क किनारे कराया। इस दौरान करीब चार किलोमीटर तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्र ने बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाकर यातायात शुरू करा दिया गया है।
