= 17 साल पहले पत्नी द्वारा दूसरी शादी करने से क्षुब्ध होकर गोली मारने का था आरोप

= चार अस्पतालों में इलाज के दौरान किसी भी डॉक्टर ने नहीं की गन शॉट इंजरी की पुष्टि

संवाद न्यूज एजेंसी

उन्नाव। पत्नी के दूसरे विवाह से क्षुब्ध होकर पहले पति पर गोली चलाने का आरोप था। निचली अदालत ने तीन आरोपियों को 10-10 साल की सजा सुनाई थी। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने निचली अदालत का यह फैसला पलट दिया है। न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी की एकल पीठ ने तीनों आरोपियों को दोषमुक्त किया है।

मामला 3 फरवरी 2009 का है जब माखी थाना क्षेत्र के खर्गौरा-मिर्जापुर रोड पर यह घटना हुई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक सुरेश कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे गोली मारी थी। 28 फरवरी 2012 को अपर सत्र न्यायाधीश भरत पांडेय ने तीनों आरोपियों को दोषी करार दिया था। इसके बाद आरोपियों ने हाईकोर्ट में आपराधिक अपील दाखिल की थी।

==========

मेडिकल साक्ष्यों में नहीं हुई पुष्टि

सुनवाई के दौरान मेडिकल साक्ष्यों में गंभीर खामियां पाई गईं। जिला अस्पताल की एक्सरे रिपोर्ट पूरी तरह सामान्य थी। लखनऊ के सुश्रुत अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान शरीर से गोली या छर्रा नहीं मिला। डॉक्टर ने मरीज के बताने पर चोट दर्ज की थी और खुद पुष्टि नहीं की थी। मियागंज के डॉक्टर ने घटना के तीन साल बाद पहली बार बारूद से जलने की बात कही थी। शुरुआती मेडिकल रिकॉर्ड में इस बात का कोई उल्लेख नहीं मिला था।

=============

चश्मदीद गवाहों की कमी का मिला लाभ

अभियोजन पक्ष घटना के दो कथित चश्मदीदों विनोद और विजय को गवाह नहीं बना सका। घायल व्यक्ति की खून से सनी शर्ट भी अदालत में पेश नहीं की गई। इन कमियों के कारण अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में विफल रहा। हाईकोर्ट ने अमृत लाल और शत्रोहन को दोषमुक्त कर दिया तथा मुख्य आरोपी सुरेश को संदेह का लाभ देकर बरी किया। अदालत ने जेल में बंद अमृत लाल को तत्काल रिहा करने का आदेश दिया है।



Source link

अभी अभी की खबरें