महिला पहलवानों के आरोपों से जुड़े मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह बृहस्पतिवार को अयोध्या पहुंचे। दिल्ली से हवाई मार्ग के जरिये महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए उनका अभिनंदन किया।

एयरपोर्ट से निकलने के बाद बृजभूषण शरण सिंह का काफिला प्रयागराज हाईवे और लखनऊ हाईवे से होकर गुजरा। इस दौरान समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में चारपहिया वाहनों और समर्थकों की मौजूदगी के चलते कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़कों पर हजारों की संख्या में वाहन नजर आए, जिसके कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

अयोध्या पहुंचने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह गोंडा जिले के नंदिनी नगर में आयोजित ‘सत्यमेव जयते’ रैली में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।

इस मौके पर विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह ने कहा कि उनके पिता अदालत से बरी होकर आए हैं। इसी खुशी के अवसर पर समर्थकों द्वारा उनके स्वागत और विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाओं का प्रतीक है।

बृजभूषण शरण सिंह के अयोध्या आगमन को लेकर पूरे मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन की टीमें यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रहीं, हालांकि समर्थकों की भारी भीड़ के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें