जयमाल के स्टेज से दूल्हे के भाई और बहनोई को हटने के लिए कहने पर वर पक्ष से मंगलवार रात विवाद हो गया। मामला तूल पकड़ने पर दुल्हन ने शादी करने से इन्कार कर दिया। दूल्हे ने भी शादी से इन्कार कर बैग में रखे रुपये और सोने की चेन छीन लेने का आरोप लगाया।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी शख्स ने अपनी बेटी की शादी बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से की थी। मंगलवार रात बरात आई। धूमधाम और उत्साह से बरातियों का स्वागत किया गया। इसके बाद द्वारचार भी हुआ। जयमाल के लिए बने स्टेज पर इसी बीच दूल्हा का भाई और बहनोई आ गए। दावा है कि लड़की पक्ष के लोगों ने जयमाल होने तक दोनों से स्टेज से नीचे उतर जाने के लिए कहा। इसको लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे, उसके भाई व अन्य परिजनों को पीट दिया। दूल्हे का आरोप है कि घटना के दौरान दुल्हन के लिए लाया गया जेवर, बैग में रखे 2.20 लाख रुपये और सोने की चेन भी लड़की पक्ष के लोगों ने छीन ली। इसके बाद शादी करने से मना कर दिया। प्रभारी निरीक्षक मार्कंडेय सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच शुरू की गई है। अब तक की जांच में मारपीट की बात सामने आई है। दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जा रही है।
