आगरा के कस्बा इरादतनगर से सोमवार की रात दुकान बंद कर घर वृथला लौटते समय सराफ को बाइक सवार बदमाशों ने लूटने की कोशिश की। गांव पटपरा की पुलिया के पास बदमाश सराफ की गाड़ी को लात मारकर गिराकर थैला छीनने लगे। सराफ ने एक बदमाश को पकड़ लिया। इस पर बदमाशों ने तमंचे से गोली चला दी, जो सर्राफ की हाथ की उंगली में लगी। ग्रामीणों के दौड़ने पर बदमाश भाग निकले।
पीड़ित सराफ ने कस्बा इरादतनगर में थान सिंह वर्मा निवासी वृथला की दुकान है। वह रोजाना की तरह रात 8:00 बजे दुकान बंद करके घर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि पटपरा की पुलिया से आगे पहुंचते ही पीछे से आ रहे मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया। उसके बाद गहनों का बैग छीनने का प्रयास करने लगे।
उन्होंने एक बदमाश को पकड़ा तो बदमाशों ने गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर निकल रहे राहगीरों ने घटना की सूचना इरादतनगर पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही इरादतनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ित थान सिंह वर्मा ने घटना की तहरीर थाना इरादतनगर में दी है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।