आगरा के रुनकता के पास स्थित बालाजी वेबरेज फैक्टरी से निकलने वाले केमिकल युक्त पानी के कारण सिकंदरा रजवाह नहर का जल गंभीर रूप से प्रदूषित हो रहा है। इसका सीधा असर नहर से सिंचाई करने वाले रुनकता, लोहकरेरा, पनवारी सहित कई गांवों के किसानों की सैकड़ों बीघा फसल पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, रुनकता के किरावली मुरेंडा रोड पर स्थित बालाजी वेबरेज फैक्टरी, जो मिनरल वाटर और विभिन्न प्रकार की कोल्ड ड्रिंक का उत्पादन करती है, से निकलने वाला केमिकल युक्त अपशिष्ट पानी सीधे सिकंदरा रजवाह नहर में छोड़ा जा रहा है।
लोहकरेरा निवासी किसान उदय सिंह ने बताया कि प्रदूषित पानी से सिंचाई करने के कारण फसलें पीली पड़ने लगी हैं। विरोध करने वाले ग्रामीणों में हरेंद्र चौधरी, मोहन, प्रहलाद भगत, मुकेश, धर्मजीत, उदय सिंह, कुमारपाल पहलवान, भगत सिंह, कलुआ, महावीर नेता, प्रेम सिंह आदि शामिल हैं।
फैक्टरी प्रबंधन ने कहा आरोप बेबुनियाद
इस मामले में फैक्टरी प्रबंधन का कहना है कि यह एक कर्मचारी का पैसे का मामला था जिसे निकाल दिया गया था और बाकी आरोप बेबुनियाद हैं। वहीं, सिकंदरा रजवाह के एसडीओ पंकज अग्रवाल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और उन्होंने स्टाफ भेजकर जांच कराई है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
