बरेली के भुता थाना क्षेत्र के गांव केसरपुर निवासी कोटेदार बाबू खां के बेटे आदिल को मटकापुर नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। वहां से जेल भेज दिया गया है। प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में आरोपी पर आईटी एक्ट की धारा बढ़ाई गई है। आरोप है कि आदिल ने हिंदुओं को राशन वितरित करने से इन्कार कर दिया था। इसका वीडियो वायरल हुआ था।
सीओ फरीदपुर संदीप सिंह के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद मामला दर्ज कर जांच की गई। ग्रामीण भगवत शरण ने पुलिस को बताया कि वह कोटेदार के पास राशन लेने के लिए अंगूठा लगाने गया था। आरोप है कि बाबू खां ने अंगूठा लगाने से इन्कार कर दिया। 19 वर्षीय आदिल ने कहा कि पिता ने 50 हिंदुओं के अंगूठे नहीं लगवाए। वह भी नहीं लगवाएगा। इसके बाद आदिल ने साथी नईम के साथ भगवत शरण को पीट दिया।
आरोपी ने कबूली ये बात
घटना का वीडियो वायरल हो गया। आदिल ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि राशन की दुकान पर सीधे-साधे हिंदू ग्रामीणों को बेवकूफ बनाकर अंगूठा लगवा लेता था। फिर बहाना बनाकर उनको राशन नहीं देता था। वीडियो में प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में आईटी एक्ट की धारा बढ़ाई गई। इसके बाद उसको कोर्ट में पेश किया गया। वहां से जेल भेजा गया है।
