शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए एक बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीद पथ के ऊपर करीब 22-23 किलोमीटर लंबी फोर लेन एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को भेजा है। यह परियोजना कानपुर रोड स्थित अमौसी एयरपोर्ट से अयोध्या रोड पर कमता चौराहा तक सिग्नल फ्री सफर सुनिश्चित करेगी। एनएचएआई और एलडीए ने इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पर काम तेज कर दिया है।
बुधवार को इस प्रोजेक्ट को लेकर सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी और एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार के साथ बैठक भी की। इसके बनने से करीब 10 लाख की आबादी को फायदा होगा सांसद प्रतिनिधि ने बताया कि शहीद पथ वर्तमान में शहर की लाइफलाइन बना हुआ है। इस पर भविष्य में भी वाहनों का दबाव निरंतर बढ़ता रहेगा, इसके दृष्टिगत एलीवेटेड कॉरिडोर यथाशीघ्र बनवाया जाना अति आवश्यक है।
साथ ही इसकी डिजाइन में विशेष ध्यान रखा जाए कि हाईकोर्ट के समीप कमता चौराहे इन्टरसेक्शन पर क्वलॉवर लीफ के माध्यम से ट्रैफिक संचालन का प्राविधान हो क्योंकि इस स्थान पर निरंतर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है।
सीतापुर हाईवे पर भिटौली क्रासिंग के ऊपर निर्मित फ्लाईओवर के लोकार्पण समारोह में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने स्वयं भी चिंता व्यक्त की थी कि शहीद पथ पर प्रायः जाम और दुर्घटनाओं की सूचना प्राप्त होती रहती है और इसके निराकरण हेतु शहीद पथ के ऊपर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाए जाने की आवश्यकता है।
इसको देखते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भूतल परिवहन मंत्री से अनुरोध किया गया है कि शहीद पथ की चौड़ाई के विस्तार की आवश्यकता है मगर दोनों ओर सड़क पट्टी (कॉरिडोर) उपलब्ध न होने के कारण इसे चौड़ा किया जाना संभव नहीं हो पा रहा है। इन परिस्थितियों में इसके ऊपर एलिवेटेड कॉरिडोर की फिजिबिलिटी का परीक्षण कराकर निर्माण कराया जाय जिससे कि आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके।
