कासगंज के सहावर के गांव बोदर के पास शनिवार सुबह 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर गिरने से डंपर के हेल्पर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में विद्युत निगम के खिलाफ आक्रोश है।
एटा जनपद के जलेसर निवासी डंपर चालक वीरेश कुमार और हेल्पर आरिफ (28) पुत्र अली हसन निवासी बिचपुरी, जिला रामपुर शनिवार सुबह करीब 7 बजे कंस्ट्रक्शन का सामान लेकर गांव बोदर आए थे। सामान उतारने के बाद जैसे ही वे सियाराम साहू के भट्ठे के पास से गुजर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की जर्जर लाइन का तार टूटकर सीधे आरिफ के ऊपर गिर गया। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई।
हादसे के बाद काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि इस क्षेत्र में बिजली के तार बेहद जर्जर हालत में हैं। आए दिन यहां फॉल्ट होते रहते हैं। कई बार विद्युत निगम से इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इसी लापरवाही ने हेल्पर की जान ले ली।घटना की सूचना मिलते ही सहावर थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजन को सूचना दे दी गई है। परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
