
UP By-Election 2024
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर प्रदेश में नौ सीटों पर होने वाले उपचुनाव में कांटे के मुकाबले वाली सीटों में शुमार है कानपुर की सीसामऊ विधानसभा। जेल में बंद चार बार के सपा विधायक इरफान सोलंकी की विधायकी जाने के बाद इस सीट पर 20 नवंबर को मतदान होगा।
इस सीट पर करीब 25 वर्ष से काबिज सपा ने वर्चस्व बनाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है तो भाजपा के लिए यह सीट नाक का सवाल बन गई है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महज सात दिन में इस विधानसभा क्षेत्र का दो बार दौरा किया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव एक जनसभा कर चुके हैं और शनिवार को हुए मुख्यमंत्री के रोड शो के जवाब में रोड शो कर सकते हैं। उधर, सीट पर जीत का आंकलन करने से दिग्गज नेता और विशेषज्ञ भी बचते दिखे। हालांकि 45 फीसदी मुस्लिम वोटर, 30 फीसदी एससी-ओबीसी और 25 फीसदी सामान्य वर्ग वाली इस विधानसभा क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण साफ दिख रहा है।
नसीम सोलंकी सहानुभूति के लहर पर सवार
अमर उजाला ने शुक्रवार व शनिवार को इस विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से लेकर गलियों में जाकर सियासी माहौल जानने कोशिश की। एक तस्वीर बिल्कुल साफ दिखी कि इरफान की पत्नी नसीम सोलंकी सहानुभूति के लहर पर सवार हैं। प्रचार के दौरान उनकी आंखों की नमी वोटरों का ध्यान खींच रही है।
