नीतिका झा, गाजियाबाद: यूपी चुनाव 2027 से पहले दलों की राजनीतिक गतिविधियां कुछ अलग ही रूप ले रही हैं। बीजेपी के कार्यकर्ता अब सिर्फ वादों या घोषणापत्रों के साथ नहीं, बल्कि वोटर लिस्ट और फॉर्म 6 लेकर घरों तक पहुंच रहे हैं। वे छूटे हुए नामों को ढूंढ रहे हैं और ‘स्पेशल समरी रिवीजन’ (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) के तहत लोगों को वोटर लिस्ट में शामिल होने में मदद कर रहे हैं।

यूपी में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश में जुटी बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं को इस तरह के पंजीकरण अभियान में लगा रही है। पार्टी ने अपने जिला अध्यक्षों को जिम्मेदारी दी है कि वे यूपी की सभी 402 विधानसभा सीटों में से हर एक सीट पर घर-घर जाकर 10 हजार से से 15 हजार नए नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाएं। शनिवार सुबह TOI की टीम गाजियाबाद के प्रताप विहार और बहरामपुर में लोगों के घरों पर जा रहे ऐसे ही एक समूह के साथ गई।

गाजियाबाद में अब तक जोड़े गए 61 हजार नाम

यूपी में ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) के दौरान लगभग 2 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए थे। बीजेपी अब ‘स्पेशल समरी रिवीजन’ (SSR) के जरिए इन लोगों के नाम वापस जुड़वाने पर जोर दे रही है। सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने भी सार्वजनिक रूप से इस बात पर सवाल उठाया था कि SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाता कैसे गायब हो गए। अब तक SSR के जरिए वोटर लिस्ट में 18.8 लाख नाम जोड़े जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 61 हजार नाम गाजियाबाद से हैं।

बिहार में भी कट गया उषा देवी का नाम

SIR के दौरान बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने पर चिंता जताते हुए बूथ इंचार्ज अभिषेक सिंह ने कहा- अगर हमारे अपने मतदाताओं के नाम ही लिस्ट में नहीं होंगे तो वोट कौन देगा? बहरामपुर के एक घर में मूल रूप से बिहार के नालंदा की रहने वालीं उषा देवी ने बताया कि उनके गृह राज्य में भी वोटर लिस्ट से उनका नाम हटा दिया गया था। हम यहां कई सालों से रह रहे हैं। अब बिहार जाकर पैसे खर्च करके वहां की वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने का कोई मतलब नहीं है।

20 सालों से रह रहीं उर्मिला का नाम भी गायब

इसी तरह, 45 वर्षीय उर्मिला मोरे पिछले 20 सालों से इस इलाके में दो-मंजिला घर में रह रही हैं। उन्‍होंने बताया कि उन्हें भी मतदाता सूची में अपना नाम नहीं मिला। उन्होंने कहा- मेरा नाम लिस्ट में नहीं है। उस समय हम अपने पते का वेरिफिकेशन नहीं करा पाए थे, इसलिए हमारे नाम हटा दिए गए।

मोरे को मदद करने का दिया आश्‍वासन

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उर्मिला मोरे को ‘फॉर्म 6’ दिया और उसे जमा करने के लिए लगभग 100 मीटर दूर स्थित एक कार्यालय में जाने को कहा। इस मौके पर एक कार्यकर्ता ने उनसे कहा- अगर आपको कोई दिक्कत आती है, तो आप हमारे कार्यालय में आकर पूछ सकती हैं। हम आपकी मदद करेंगे।

1250 वोटरों की जगह मिले केवल 550 नाम

अभिषेक सिंह के अनुसार, इस बूथ पर 1,250 वोटर थे, लेकिन 10 अप्रैल को जब SIR सूची जारी हुई तो उसमें केवल 550 नाम ही थे। इसके बाद 17 नवंबर को हुए संशोधन में 300 और नाम जोड़े गए। हमारा लक्ष्य इस सूची में 500 और लोगों के नाम जोड़ने का है।

लैपटॉप और प्रिंटर लेकर चलते हैं कार्यकर्ता

बहरामपुर में बीजेपी के ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि कार्यकर्ताओं को ‘फॉर्म 6, 7 और 8’ बांटने और अपने-अपने इलाकों के BLO के साथ तालमेल बिठाने के काम पर लगाया गया है। यह अभियान सिर्फ घरों तक जाने तक ही सीमित नहीं है। कार्यकर्ता प्रचार सामग्री लगे ई-रिक्शों के जरिए जागरूकता फैला रहे थे, जबकि कुछ टीमें लैपटॉप और प्रिंटर लेकर चल रही थीं ताकि लोगों को मौके पर ही कागजी कार्रवाई पूरी करने में मदद मिल सके।

हर बूथ पर 11 कार्यकर्ताओं की टीम

धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि हम हर बूथ पर 11 लोगों की एक टीम के साथ काम कर रहे हैं। लगभग 3.5 किलोमीटर दूर प्रताप विहार में भी इसी तरह का काम चल रहा था।





Source link

अभी अभी की खबरें