संवाद न्यूज एजेंसी
पुरवा। पुरवा-अचलगंज मार्ग पर रामापुर गांव के सामने शनिवार रात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार कर्मी घायल हो गया। सीएचसी ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वह हेलमेट लगाए थे।
बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के गोलेवाखेड़ा गांव निवासी गिरीशचंद्र ने बताया कि बेटा अनुज उर्फ अंशु (22) सोहरामऊ स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। शनिवार को भी वह रोज की तरह बाइक से ड्यूटी पर गया था। रात में ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था।
पुरवा-अचलगंज मार्ग पर रामापुर गांव के सामने ट्रैक्टर की टक्कर से वह गंभीर घायल हो गया। राहगीरों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। परिजन जब तक पहुंचते उसकी मौत हो चुकी थी। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां आशा, पिता, भाई अखिलेश अभय और अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, ट्रैक्टर की तलाश की जा रही है।
