रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद जिले में औद्योगिक परियोजना धरातल पर उतरने जा रही है। मिलएरिया में बंद पड़ी स्पिनिंग मिल की करीब 58 एकड़ जमीन पर 90 से अधिक उद्योग स्थापित कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दिसंबर में उद्यमियों को भूखंड आवंटित किए जाएंगे। विभाग की ओर से औद्योगिक पार्क में सड़क, नाली और बाउंड्रीवाल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का काम लगभग पूरा करा लिया गया है। यहां उद्योग स्थापित होने से जिले में उद्यमों को बढ़ावा मिलने के साथ लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
मिलएरिया क्षेत्र में वर्ष 1975 में स्थापित स्पिनिंग (कताई) मिल वर्ष 2012 से बंद पड़ी है। पिछले साल मुख्यमंत्री ने मिल की करीब 58.66 एकड़ जमीन पर औद्योगिक पार्क विकसित करने की घोषणा की थी। इसके बाद मिल की जमीन खाली कराई गई। भूमि खाली होने के बाद विभाग ने इसे विकसित करने का काम शुरू किया। शासन से 20 करोड़ रुपये का बजट मिलने के बाद बाउंड्रीवाल, सड़क और नाली का निर्माण कराया गया। प्रशासनिक भवन भी तैयार हो चुका है। खड़ंजा निर्माण का काम भी लगभग पूरा होने वाला है। बुनियादी सुविधाएं विकसित होने के बाद अब उद्योग स्थापित कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
औद्योगिक पार्क में उद्योग स्थापित करने के लिए उद्यमियों को 90 भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इनका क्षेत्रफल 500 वर्ग मीटर से लेकर आठ हजार वर्ग मीटर तक होगा। भूखंड आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जेम पोर्टल के माध्यम से दिसंबर से भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। इसके अलावा 12 शेड तैयार कर उद्यमियों को दिए जाएंगे। पहले चरण में बनने वाले प्रत्येक शेड का क्षेत्रफल 550 वर्ग मीटर होगा। इन शेडों के आवंटन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी। औद्योगिक पार्क में छोटी-बड़ी इकाइयां स्थापित होने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। (संवाद)
कताई मिल का 37 साल का सफर
यूपी स्टेट स्पिनिंग कंपनी लिमिटेड की स्थापना 20 अगस्त 1975 को हुई थी। शुरुआती दौर में 25 हजार तकुओं के साथ मिल में करीब दो हजार लोगों को रोजगार मिला। वर्ष 1984 में मिल का विस्तार किया गया और क्षमता बढ़ाते हुए 25 हजार तकुए और लगाए गए। वर्ष 2003 में मिल की 50 प्रतिशत इकाई बंद कर दी गई। यहां काम करने वाले अधिकांश कर्मचारियों को वीआरएस दे दिया गया। इसके बाद कुछ समय तक कंपनी ठीक से चली, लेकिन वैश्विक मंदी के कारण अगस्त 2008 से बड़ी संख्या में लोगों का रोजगार छिन गया। जून 2012 में मिल पूरी तरह बंद कर दी गई।
स्पिनिंग मिल की 58.66 एकड़ भूमि पर औद्योगिक पार्क बनाने का काम चल रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर का काम करीब पूरा हो चुका है। उद्यमियों में 90 भूखंडों के आवंटन के लिए अगले माह प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पार्क में जल्द से जल्द उद्यम स्थापित कराने का प्रयास है।
परमहंस मौर्या, उपायुक्त- जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र रायबरेली
