कासगंज। नागरिक सुरक्षा निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर रविवार देर शाम बीएवी इंटर कॉलेज में ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। हवाई हमले का सायरन बजाते ही ब्लैक आउट हो गया। तेज धमाकों की आवाज गूंजने लगी। सूचना पर दमकल और एंबुलेंस की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। वहीं, घायलों को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया गया।
नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देश पर आयोजित प्रदेशव्यापी मॉक ड्रिल में एडीएम न्यायिक मंजूर अहमद, एएसपी आलोक सिंह, एसडीएम एसएन त्रिपाठी, तहसीलदार बलवंत उपाध्याय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा नागरिक सुरक्षा वालंटियर, एसीसी कैडेट मौजूद रहे।
मॉक ड्रिल शाम करीब छह बजे शुरू हुई। सबसे पहले हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन बजते ही विद्युत व्यवस्था बाधित कर ब्लॉक आउट कर दिया गया। तेज धमाकों की आवाज के साथ कई जगह आग की तेज लपटें उठने लगी। इस पर तुरंत दमकल और स्वास्थ्य विभाग की टीमें हरकत में आ गई। दमकल वाहन और एंबुलेंस की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। वहीं, घायलों को प्राथमिक उपचार देकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। खतरा समाप्त होने पर ऑल क्लियर सायरन बजाकर सामान्य स्थिति बहाल कर दी गई।
मॉक ड्रिल के दौरान आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, क्षतिग्रस्त स्थानों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का सफलतापूर्वक अभ्यास किया गया।
इस मौके पर एडीएम न्यायिक ने कहा कि ऐसे अभ्यास हमें आपातकालीन स्थितियों के लिए तैयार करते हैं। ताकि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बिठाकर आपातकालीन स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सके और घायलों की मदद की जा सके।

मॉक ड्रिल के दौरान घायल को सुरक्षित स्थान पर ले जाता दमकल सिपाही। स्त्रोत : सूचना विभाग
