– तेज गति और सड़क पर आए निराश्रित पशु बने हादसों की वजह

– शादी समारोह में जा रहे युवक की मौत से परिवार में पसरा मातम

संवाद न्यूज एजेंसी

दौराला (मेरठ)। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर रविवार देर रात मोदीपुरम से सकौती के बीच अलग-अलग स्थानों पर आठ सड़क हादसों में स्कूटी सवार की एक युवक की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से अधिकांश घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। युवक की मौत की सूचना पर पहुंचे परिजनों में मातम पसर गया। यह सभी हादसे रात आठ बजे 10 बजे के बीच हुए।

खतौली थाना क्षेत्र के तुलसीपुर निवासी संजय ने बताया कि उसका बड़ा भाई राहुल (37) पुत्र कालूराम साथी सुनील पुत्र नरेंद्र के साथ स्कूटी से इंचौली थाना क्षेत्र के अंदावली गांव में मामा की बेटी के शादी समारोह में जा रहा था। रुहासा कट के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। दोनों घायलों को दौराला सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने राहुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनील को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शादी की खुशियां राहुल की मौत से मातम में बदल गईं।

दूसरे हादसे में मटौर गेट के पास वलीदपुर निवासी सुनीत की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें वह घायल हो गया। तीसरे हादसे में सकौती में हाईवे पार कर रहे गांव भरोटा निवासी सूर्य प्रताप को वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। चौथे हादसे में मटौर कट पर संरक्षित पशु के अचानक हाईवे पर आने से बाइक सवार मटौर निवासी दीपक और दयानंद घायल हो गए।

पांचवें हादसे में वलीदपुर कट के पास स्कूटी सवार मेरठ के किदवई नगर निवासी रिहाना और मोहम्मद जुनेद घायल हो गए। छठे हादसे में सकौती स्थित झिलमिल होटल के पास खानपुर बांगर निवासी बाइक सवार रिजवान, इरशाद और मोमीन वाहन की टक्कर से घायल हो गए। सातवें हादसे में एटूजेड कॉलोनी गेट के पास बाइक और स्कूटी की भिड़ंत में गांव बफावत निवासी दीपांशु और आशीष तथा स्कूटी सवार विशेष और अर्पित घायल हो गए।

आठवें हादसे में मछरी गांव स्थित आलू अनुसंधान केंद्र के सामने गन्ने के ट्रक को ओवरटेक करते समय कार ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में कार सवार सरधना के गांव महादेव निवासी अतुल और ट्रैक्टर चालक हर्रा खिवाई निवासी आकिल व उसका बेटा सोनू घायल हो गए। कार चालक को एसडीएस ग्लोबल अस्पताल और ट्रैक्टर सवारों को दौराला सीएचसी पहुंचाया गया।

सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link