कासगंज। महाराष्ट्र पुलिस रविवार को चोरी के एक मामले में जांच के लिए शहर पहुंची। टीम ने बाराद्वारी स्थित एक सराफ के प्रतिष्ठान पर पहुंचकर पूछताछ की। इससे बाजार में खलबली मच गई। पूछताछ में पता चला कि सराफ को सिकंदराराऊ के एक कारोबारी ने गला हुआ सोना बेचा था। इसमें कुछ सोना महाराष्ट्र में हुई चोरी से जुड़ा हुआ था, जो चोर ने कारोबारी को लाकर बेचा था। महाराष्ट्र पुलिस सिकंदराराऊ के कारोबारी को अपने साथ लेकर पूछताछ के लिए आई थी।
महाराष्ट्र में हुई एक चोरी के मामले की जांच वहां की पुलिस कर रही है। महाराष्ट्र पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया तो उसने चोरी किए गए जेवर सिकंदराराऊ के एक सराफा कारोबारी को बेचने की बात कही। इस पर महाराष्ट्र पुलिस ने सिकंदराराऊ से चोरी के जेवर खरीदने वाले कारोबारी को पकड़ लिया। उससे पूछताछ करने पर पता चला कि उसने चोरी के जेवर को अन्य सोने के सामान के साथ गला दिया था। फिर सारा पका हुआ सोना कासगंज के एक सर्राफ को बेचा था।
उसे साथ लेकर रविवार को महाराष्ट्र पुलिस की टीम शहर पहुंची। टीम ने बाराद्वारी स्थित एक सराफ के प्रतिष्ठान पर पहुंचकर मामले में पूछताछ की। बाहर की पुलिस आने पर बाजार में खलबली मच गई। तमाम व्यापारी नेता मौके पर पहुंच गए। फिलहाल, महाराष्ट्र पुलिस पूछताछ के बाद वापस लौट गई। सदर कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस चोरी के एक मामले में जांच के लिए आई थी। शहर के एक सर्राफ के प्रतिष्ठान पर पूछताछ करके चली गई।