{“_id”:”6b03340d9acf13f4ff0cda52″,”slug”:”woman-dies-five-months-after-childbirth-murder-alleged-etah-news-c-163-1-eta1004-160597-2026-11-22″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Etah News: प्रसव के पांच माह बाद महिला की मौत, हत्या का आरोप”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

निधि वर्मा फाइल फोटो
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र की नई बस्ती में 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि प्रसव के बाद से ही महिला की तबीयत खराब थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बदायूं जनपद के बिल्सी के मोहल्ला पांच निवासी मनोज वर्मा ने अपनी बेटी निधि की शादी पिछले साल फरवरी में एटा की नई बस्ती निवासी विनोद के साथ की थी। इस साल जून में निधि ने बेटे को जन्म दिया था लेकिन नवजात मृत पैदा हुआ। इसके बाद से ही निधि की तबीयत खराब रहने लगी थी।
पति विनोद ने बताया कि निधि का निजी अस्पताल में पांच माह से उपचार कराया जा रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं निधि की मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंच गए। उन्होंने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
निधि के पिता मनोज वर्मा का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। वह करीब एक साल से मायके में रह रही थी। आरोप है कि पति उसे जबरन ससुराल ले आया जहां उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
नई बस्ती में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। – कीर्तिका सिंह, सीओ सिटी
