रायबरेली में सपा की दावेदारी और मजबूत क्यों?

रायबरेली लोकसभा क्षेत्र में बछरावां, हरचंदपुर, रायबरेली, सरेनी और ऊंचाहार विधानसभा सीटें आती हैं। 2022 के चुनाव में सपा ने इनमें से चार सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि एक सीट बीजेपी के खाते में गई थी।

बछरावां कभी कांग्रेस का मजबूत गढ़ हुआ करता था। पार्टी ने 1967 से 1991 के बीच लगातार यहां जीत दर्ज की। 2007 में भी कांग्रेस को सफलता मिली, लेकिन इसके बाद 2012 में सपा, 2017 में बीजेपी और 2022 में फिर सपा ने यह सीट जीत ली।

हरचंदपुर और रायबरेली सीटों का इतिहास कांग्रेस के कमजोर होते जनाधार की कहानी बताता है। 2017 में कांग्रेस ने दोनों सीटें जीती थीं। हालांकि, बाद में हरचंदपुर के विधायक राकेश सिंह और रायबरेली की विधायक अदिति सिंह बीजेपी में शामिल हो गए।

2022 में अदिति सिंह ने बीजेपी के टिकट पर रायबरेली सीट बरकरार रखी, जबकि हरचंदपुर में सपा को जीत मिली। सरेनी में भी कांग्रेस की आखिरी जीत 2007 में हुई थी। इसके बाद 2012 में सपा, 2017 में बीजेपी और 2022 में फिर सपा ने यहां कब्जा जमाया।

ऊंचाहार सीट पर भी सपा का मजबूत आधार रहा है। मनोज कुमार पांडेय ने सपा के टिकट पर लगातार तीन चुनाव जीते थे। बाद में उनका राजनीतिक झुकाव बीजेपी की तरफ हो गया।

इस तरह रायबरेली में गांधी परिवार की लोकसभा सीट होने के बावजूद विधानसभा स्तर पर सपा ने अपना मजबूत आधार तैयार कर लिया है।



Source link

अभी अभी की खबरें