.
आज की सबसे बड़ी खबर आगरा में मायावती के भतीजे आकाश आनंद की रैली को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर यूपी विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग के लिए सपा की 4 सदस्यीय कमेटी गठन से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें…
1- आकाश के लिए आगरा में मायावती जैसा प्रोटोकॉल, मंच पर एक सोफा, बाकी कुर्सियां पीछे

आगरा रैली में मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने कहा- जिस तरह लोग अपने ड्राइंग रूम में सुंदर-सुंदर शोपीस सजाकर रखते हैं, उसी तरह सरकार ने दोनों उपमुख्यमंत्रियों को शोकेस में खड़ा कर रखा है। बस चुनाव आने पर आगे कर दिया जाता। पद- गाड़ी-बड़ा बंगला है लेकिन फाइलों पर उनकी कलम नहीं चल पाती। मंच पर मायावती जैसे ही आकाश के लिए एक सोफा लगा था, पीछे कुर्सियां लगी हुईं थी। पूरी खबर पढ़ें
2- अखिलेश बोले -हम कथा के खिलाफ नहीं; सीट शेयरिंग के लिए 4 सदस्यीय कमेटी गठित

अखिलेश यादव ने कहा- सपा रामकथा के खिलाफ नहीं है, लेकिन धीरेंद्र शास्त्री ने हमारे और आपके भगवान के खिलाफ क्या विचार रखे, यह देखिए। भाजपा के लोगों ने अपने कार्यक्रम में हनुमान जी को नचवाया था। इसके पहले मुलायम सिंह यादव की जयंती पर 200 बच्चों को लैपटॉप और बैग बांटे। सीट शेयरिंग के लिए रामगोपाल यादव, इकरा हसन, राजीव राय, श्यामलाल पाल की 4 सदस्यीय कमेटी बनाई। पूरी खबर पढ़ें
3- केशव बोले- अखिलेश आंखों का इलाज कराएं, मंत्री निषाद ने कहा- सम्मान नहीं तो जीत नहीं

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर तंज कसा- जय श्री राम के बाद अब राधे-राधे के नारे से वे घबरा रहे। कमल मुरझाया हुआ दिखाई दे रहा तो उनकी आंखों में दोष है। आंखों का इलाज कराएं। संजय निषाद ने कहा- आजमगढ़ की 10 सीटों पर भाजपा को हार मिली थी, वहां निषाद पार्टी को सबसे ज्यादा वोट मिले। अगर सहयोगी दल को सम्मान नहीं मिलेगा तो जीत मुश्किल होगी। पूरी खबर पढ़ें
4- यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 144 DSP का ट्रांसफर, 17 महिला अफसर भी शामिल

यूपी में चुनाव से पहले पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल हुआ है। शासन ने रविवार को 144 डीएसपी/एसीपी के तबादले कर दिए। ट्रांसफर लिस्ट में 17 महिला अफसर हैं। सूची में ज्यादातर ऐसे अफसर हैं, जिनका हाल ही में इंस्पेक्टर से प्रमोशन हुआ है। 31 अफसर ऐसे हैं, जिन्हें कमिश्नरेट से जिलों में भेजा गया है। ट्रांसफर लिस्ट में राममंदिर चढ़ावा चोरी की जांच कर रहे आशुतोष तिवारी का भी नाम है। पूरी खबर पढ़ें
5- कानपुर में 3 पतियों को छोड़कर लिव-इन में रह रही थी दुल्हन, चौथी शादी की तैयारी थी

कानपुर में तीन शादियां करने वाली दुल्हन चौथे युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। वह चौथी शादी की तैयारी में थी, तभी भंडाफोड़ हो गया। तीसरे पति ने उसपर 16 लाख रुपए के जेवर और कैश लेकर फरार होने का आरोप लगाया। पुलिस लोकेशन तलाशते हुए उसके ठिकाने पर पहुंची तो वह चौथे युवक के साथ मिली। पुलिस ने दुल्हन प्रगति, माता-पिता, मौसी-मौसा समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें
अब अहम 8 खबरें…
6- हाथरस में बारात में जा रही सगी बहनों समेत 4 की मौत, तेज रफ्तार बस ने रौंदा

हाथरस में प्राइवेट बस ने एक टेंपो को पीछे से टक्कर मार दी। इसमें 2 सगी बहनों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। टेंपो में सवार लोग अलीगढ़ जिले के नौसेरवला इलाके के रहने वाले थे और एक ही परिवार के सदस्य थे। वे लोग गुरुग्राम (गुड़गांव) में काम करते थे। वहीं से सिकंद्राराऊ के नौरंगाबाद में शादी में शामिल होने आ रहे थे। एक्सीडेंट के बाद बस ड्राइवर फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें
7- दिल्ली से अगवा 8 महीने का बच्चा यूपी से मिला, दंपती ने बेटे के लिए किडनैप किया था

दिल्ली से अगवा 8 महीने के बच्चे को पुलिस ने अलीगढ़ से बरामद कर लिया। मामले में एक दंपती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बच्चे की मां ई-रिक्शा चलाती है। वह काम पर गई थी, तभी केयरटेकर की देखरेख में मौजूद बच्चे को एक व्यक्ति लेकर फरार हो गया। आरोपी दंपती की पहले से तीन बेटियां हैं। वे परिवार का नाम आगे बढ़ाने के लिए बेटा चाहते थे। पूरी खबर पढ़ें
8- बुलंदशहर में बच्ची की तंत्र-मंत्र में हत्या, माथे पर नींबू, शरीर पर चंदन-सिंदूर लगा था

बुलंदशहर में 3 साल की बच्ची की हत्या कर दी गई। उसका शव पड़ोसी महिला के घर में बेड के नीचे मिला। बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा था। माथे पर नींबू रखा था और शरीर पर चंदन-सिंदूर लगा था। उसकी अंगुलियां भी कटी हुई थीं। बच्ची शनिवार सुबह घर के बाहर खेलते समय लापता हुई थी। रात में पुलिस ने पड़ोसी महिला के घर का ताला तोड़कर शव बरामद किया। महिला बस स्टाप से गिरफ्तार हुई। पूरी खबर पढ़ें
9- यूपी लोकसेवा आयोग के अध्यक्ष बन सकते हैं आलोक सिंह, पीएसी के डीजी हैं

IPS आलोक सिंह यूपी लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष बन सकते हैं। उनकी नियुक्ति पर सहमति बन गई है। अगर ऐसा हुआ तो प्रदेश के चारों भर्ती बोर्ड की कमान IPS अफसरों के हाथों में होगी। आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत 21 नवंबर को रिटायर हो गए हैं। 1995 बैच के IPS आलोक सिंह PAC के महानिदेशक हैं। उनके पास यूपी स्पेशल पुलिस के DG का भी कार्यभार है। रिटायरमेंट जनवरी 2027 में है। पूरी खबर पढ़ें
10- कानपुर में पति के सामने ट्रेन के आगे कूदी पत्नी, सिर धड़ से कटकर अलग हुआ

कानपुर में पति के सामने पत्नी ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसका सिर धड़ से अलग हो गया। पत्नी को कूदता देख पति वहां भाग गया। कुछ देर बाद सास को इसकी जानकारी दी। IIT के प्रोजेक्ट असिस्टेंट अमन से 28 साल की सिमरन ने 7 साल पहले लव मैरिज की थी। दोनों के बीच स्कूल के दिनों से अफेयर था। युवती की मां ने हत्या की आशंका जताई है। पूरी खबर पढ़ें
11- अमेरिका से काशी पहुंचा इंजीनियर, बोला- हनुमान भक्त हूं, नीम करौली बाबा मेरे गुरु

अमेरिका के शिकागो के रहने वाले एलेक्स मॉम सिलिविक वाराणसी पहुंचे। उन्होंने अस्सी घाट पर मां गंगा की आरती उतारी और विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद घाट पर बैठकर 108 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया। एलेक्स मॉम सिलिविक ने कहा- मैं हनुमानजी का भक्त हूं। नीम करौली बाबा मेरे गुरु हैं। मैं रोज हनुमान चालीसा का पाठ करता हूं। पूरी खबर पढ़ें
12- राजनाथ बोले- पिछलग्गू मत बनिए, डिग्री पहला मौका देगी, पहचान हुनर से बनेगी

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में ग्रैजुएट्स से कहा कि डिग्री आपको नौकरी का पहला मौका देगी। लेकिन, उसके बाद पहचान आपके ज्ञान और हुनर से बनेगी। आपके अंदर कॉन्फिडेंस होगा तो कैसा भी चैलेंज आए, आप उसका सामना कर लेंगे। किसी का पिछलग्गू मत बनिए। आगे बढ़िए। वह रविवार को बाबू बनारसी दास (BBD) यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। पूरी खबर पढ़ें
13- फिरोजाबाद में शादी में करंट से दो बैंडकर्मियों-दो घोड़ियों की मौत, दूल्हा कूदकर भागा

फिरोजाबाद की एक शादी में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो बैंडकर्मियों और दो घोड़ियों की मौत हो गई। शनिवार रात मथुरा से आई बारात में घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान दूल्हे की बग्घी ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकरा गई। बग्घी में करंट उतरते ही दूल्हा कूदकर भाग गया। दो बैंडकर्मियों की मौके पर मौत हो गई। दोनों घोड़ियों ने भी दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें
खबर जो हटकर है…
14- दूल्हों ने पहनी 1-1 करोड़ के नोटों की माला, 100 फीट लंबी, जीजा ने गिफ्ट में दी

मथुरा में जीजा ने सालों की घुड़चढ़ी में दोनों दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपए के नोटों की माला पहनाई। 100 फीट लंबी इन मालाओं को संभालने के लिए कई लोग जुटे। नगला फोंदा गांव के योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटों प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी निकाली गई। दोनों की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस की युवतियों से होनी है। पूरी खबर पढ़ें
कल क्या रहेगा खास…
15- अयोध्या-जनकपुर ट्रेन का शुभारंभ
23 नवंबर को श्रीराम की नगरी अयोध्या से माता सीता की जन्मस्थली नेपाल के जनकपुर धाम तक अब सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह सोमवार को जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस (15595/15596) का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस दौरान सीएम योगी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अयोध्या रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहेंगे।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
————————————————-
आपका विधायक काम करता है या नहीं, सर्वे में बताइए…

आपके विधायक को क्या दोबारा टिकट मिलना चाहिए? कुछ काम कराया या सिर्फ बातें की, 30 सेकंड में बनाएं रिपोर्ट कार्ड…सर्वे में हिस्सा लेने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
