कदौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम चतेला में सांप के डसने से महिला की मौत हो गई। परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक कराने में समय गंवाने से महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। बाद में कदौरा सीएचसी में महिला ने दम तोड़ दिया।
थाना क्षेत्र के चतेला गांव निवासी रजनी (32) पत्नी गिरिजाशंकर शुक्रवार रात अपने बच्चों के साथ घर में जमीन पर सो रही थीं। रात में अचानक उन्हें पैर में किसी चीज के काटने का एहसास हुआ। परिजनों ने देखा तो कमरे में सांप मौजूद था। घबराए परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए जमरेही ले गए।
काफी देर तक झाड़-फूंक के बाद भी हालत में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें हमीरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। तब तक जहर शरीर में काफी फैल चुका था। शनिवार को परिजन उन्हें कदौरा सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका अपने पति के साथ सब्जी की खेती कर परिवार का पालन-पोषण करती थीं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रजनी अपने पीछे पांच मासूम बच्चों को छोड़ गई हैं।
