Trending Videos

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। सीबीएसई के परीक्षा परिणाम में झांसी के मेधावी भी शानदार प्रदर्शन कर छा गए हैं। 10वीं में जहां माउंट लिट्रा जी स्कूल के यथार्थ श्रीवास्तव ने 98.6 फीसदी अंक हासिल किया है, वहीं 12वीं में महात्मा हंसराज मॉडर्न स्कूल की आराध्या गिरि गोस्वामी ने 98 फीसदी अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया है।

जनपद में सीबीएसई के 9108 विद्यार्थी पंजीकृत थे। कक्षा 10वीं में 4503 और 12वीं में 4605 छात्र-छात्राओं को परीक्षा में शामिल होना था। कई छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी थी। परीक्षा के लिए जिले में 13 केंद्र बनाए गए थे। 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च को समाप्त हुई थीं। वहीं, 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होकर चार अप्रैल तक चली थीं।

मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे सीबीएसई की तरफ से 12वीं के परीक्षा परिणाम की घोषणा की गई। वहीं, दोपहर डेढ़ बजे के आसपास 10वीं का रिजल्ट भी घोषित हो गया। परीक्षा परिणाम जारी होते ही छात्र-छात्राओं ने इंटरनेट पर रोल नंबर डालकर रिजल्ट देखना शुरू कर दिया। दूसरी तरफ, स्कूलों में शिक्षक भी अपने यहां के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम देखने लगे।

शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को शिक्षकों, अभिभावकों और रिश्तेदारों ने बधाई दी और मुंह मीठा कराया। सीबीएसई की जिला समन्वयक प्रीति खत्री का कहना है कि इस बार का परीक्षा परिणाम शानदार रहा है। कई स्कूलों का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा है। उन्होंने परीक्षा में अच्छे अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई दी है।

इस साल सुधरा 12वीं का रिजल्ट, चार फीसदी ज्यादा परीक्षार्थी पास

झांसी में इस साल सीबीएसई का रिजल्ट सुधरा है। इस वर्ष 4428 छात्र-छात्राओं ने 12वीं की परीक्षा दी थी। सीबीएसई की जिला समन्वयक प्रीति खत्री ने बताया कि इनमें से 3641 यानी 82.23 फीसदी परीक्षार्थी पास हुए हैं। जबकि, पिछले साल 4403 छात्र-छात्राओं ने 12वीं की परीक्षा दी थी। इनमें से 78.28 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए थे। लगभग चार फीसदी परीक्षार्थी ज्यादा पास हुए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *