कालपी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुढ़ा खास निवासी एक युवक की नोएडा में सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार को गांव में युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के गुढ़ा खास निवासी ललित (25) और उसका भाई अशोक (24) मछली लेकर बिक्री के लिए वाहन से नोएडा जा रहे थे। वाहन को अशोक चला रहा था, जबकि ललित उसके साथ बैठा था।
बताया गया कि नोएडा क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर सरिया लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनके वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ललित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। थाना हरमूला, जनपद नोएडा पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक का शव जैसे ही गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मंगलवार को यमुना तट पर परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में युवक का अंतिम संस्कार किया गया।
