अछल्दा, औरैया। विकासखंड अछल्दा के घसारा और नगला दरयाय गांवों में पिछले एक हफ्ते से बिजली के ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं। ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। शिकायत के बाद भी अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदले गए हैं।
.
ग्राम पंचायत घसारा के नगला मुलू में लगा 16 केवी का ट्रांसफार्मर करीब एक हफ्ते से बंद है। इससे लगभग 15 घरों की बिजली सप्लाई ठप है। पंखे, लाइट, समरसेबल समेत सभी बिजली उपकरण बंद हैं।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग को कई बार सूचना दी है। वहीं, नदुपुर फीडर के गांव नगला दरयाय में भी 10 केवी का ट्रांसफार्मर एक हफ्ते से खराब है। इससे पूरे गांव की बिजली सप्लाई पर असर पड़ा।
अवर अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि नगला मुलू के लिए पीआर भेजा गया है, वर्कशॉप से मिलते ही डीपी लगेगा। नदुपुर फीडर के जेई अनुज पाठक ने भी जल्द ट्रांसफार्मर लगाने को कहा है।
