जागरण संवाददाता, अमरोहा। दिल्ली-यूपी रेल मार्ग पर ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए गाजियाबाद से मुरादाबाद के बीच तीसरी व चौथी लाइन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए किसानों से 71.3922 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होगा।

तीनों तहसीलों में जमीनों के गाटों का मिलान कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही उनको सार्वजनिक किया जाएगा। इसके बाद जमीनों पर स्थित पेड़, बिजली की लाइन व अन्य परिसंपत्तियों के सर्वे का काम होगा।

गाजियाबाद-मुरादाबाद, मुरादाबाद-रोजा और रोजा-सीतापुर के मध्य 402.78 किलोमीटर तक तीन व चार रेलवे लाइन का निर्माण किया जाएगा। इसमें जनपद के 46 गांवों के किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।

इसमें अमरोहा तहसील के 27 गांवों के किसानों की 48.1182 हेक्टेयर व धनौरा तहसील के 14 गांवों के किसानों की 12.487 हेक्टेयर व हसनपुर क्षेत्र के पांच गांवों का 10.787 हेक्टेयर जमीन रेलवे बोर्ड किसानों से सहमति के आधार पर खरीदेगा।

जमीन के क्रय-विक्रय और निर्माण पर रोक

तीनों तहसीलों में परियोजना के लिए संरेखण से प्रभावित गांवों के गाटों की जमीन के क्रय-विक्रय के अलावा धारा-80 व भूमि पर अनाधिकृत निर्माण पर रोक लगाई जा चुकी है।

तहसीलों में जमीनों की गाटा संख्या का मिलान लगभग पूरा हो चुका है। जिला विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी करमेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही गाटों का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद अन्य संपत्तियों के सर्वे की कार्रवाई चलेगी।

इन 46 गांवों के किसानों की जाएगी जमीन

काफूरपुर, नरैना कलां, भटपुरा माफी, जलीलपुर मुलकटा, महेशरा, शेखूपुर शुमाली, शाहपुर बुजुर्ग, भानपुर खालसा, अलीपुर भूड़ शुमाली, अफजलपुर गोसाईंरुस्तमपुर खादर, मोहरका, चौबारा, शहबाजपुर डोर, कांकाठेर, ओसिता एहतमाली, जगदेपुर, पायंती कलां, सिरसा मोहन, नौरंगी, मुजफ्फरपुर पट्टी, सिरसा मनिहार, वाजिदपुर, चककालीलेट, कासिमपुर जट, लोदीपुर बंजारा, मोहड़ी जट, पृथ्वीपुर कलां, कैलसा, उमर मोहम्मदपुर, अदलपुर ताज, तेलीपुरा माफी, केशोपुर, उमरपुर, धनौरी अहीर, सलेमपुर हेमनगर, अमरोहा खास चुंगी, गुलड़िया, खालकपुर खादर, सदलपुर, गफ्फारपुर, धकतोड़ा, चांदनगर।



Source link

अभी अभी की खबरें