रामपुर। जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय में लंबित ग्रेच्युटी और एरियर का भुगतान कराने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते कनिष्ठ सहायक अजय कुमार सागर को मुरादाबाद मंडल की भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने बृहस्पतिवार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी अपनी कुर्सी पर बैठकर रिश्वत के नोट गिन रहा था, तभी टीम ने उसे पकड़ लिया। उसके कब्जे से पूरी रकम बरामद हुई। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम का एक अधिकारी पीड़ित का रिश्तेदार बनकर उसके साथ कार्यालय पहुंचा था। कार्रवाई से कार्यालय में खलबली मच गई।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप सूचना के मुताबिक, गन्ना विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी रामवीर सिंह पुत्र गोपीचंद निवासी मोहल्ला प्रह्लाद नगर, नई मंडी, गढ़ रोड, थाना हापुड़ देहात, जनपद हापुड़ ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी।

आरोप था कि 9.50 लाख रुपये की ग्रेच्युटी और 6.15 लाख रुपये के एरियर का भुगतान कराने के बदले कर्मचारी 20 हजार रुपये मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद मुरादाबाद मंडल की टीम ने जांच कर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

बृहस्पतिवार को टीम जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पहुंची। यहां कार्यालय के कक्ष में अपनी कुर्सी पर बैठे कनिष्ठ सहायक अजय कुमार सागर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ लिया। आरोपी अजय कुमार विकास, पेंशन एवं कैश पटल का प्रभारी भी है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल के प्रभारी नवल मारवा के मुताबिक, शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए अजय कुमार सागर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि उससे बढ़ी हुई ग्रेच्युटी का 60 प्रतिशत रिश्वत देने की मांग की गई थी। इसी क्रम में 20 हजार रुपये पेशगी दी जा रही थी। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद की। हाथ धुलाने की कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। आरोपी के खिलाफ रामपुर के सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

000

एक लाख रुपये में तय हुआ था सौदा

रामपुर। शिकायतकर्ता के मुताबिक, ग्रेच्युटी और एरियर के भुगतान से जुड़ी फाइल आगे बढ़ाने के लिए करीब एक लाख रुपये की रिश्वत तय हुई थी। इसमें से 20 हजार रुपये फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर देने थे, जबकि बाकी रकम काम पूरा होने के बाद देना तय हुआ था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि कर्मचारी लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। इससे परेशान होकर उसने भ्रष्टाचार निवारण संगठन में शिकायत की। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर कर्मचारी को 20 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। संवाद



Source link

अभी अभी की खबरें