आदमपुर थानाक्षेत्र के गांव दढ़ियाल में दुकान पर सो रहे मैकेनिक अवनेश (18) की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश में गांव के ही लोगों पर हत्या का आरोप लगाया जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए परिजनों को समझाकर शांत किया।
मामले में चार सगे भाइयों समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी रस्सी से गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अवनेश गांव निवासी किसान सियाराम सिंह का बेटा था। अवनेश गांव में ही बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। परिजनों के मुताबिक अवनेश अक्सर रात में अपनी दुकान पर ही सो जाता था। बृहस्पतिवार रात भी दुकान पर सो रहा था। शुक्रवार सुबह उसका शव दुकान में चारपाई पर पड़ा मिला।
गले पर खरोंच और दबाव के निशान मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। एसपी लखन सिंह के निर्देश पर फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। मृतक अवनेश छह भाइयों और एक बहन में चौथे नंबर का था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। देर शाम पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
