मऊरानीपुर। रानीपुर के मोहल्ला सिरधरपुरा निवासी रुचि पचौरी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया, जिसके जरिये ससुरालियों पर दहेज की खातिर उत्पीड़न का आरोप लगाया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

महिला ने बताया कि उसका विवाह 21 मई 2023 को ग्राम जेवर थाना चंदैरा, जिला टीकमगढ़ निवासी हेमंत पचौरी के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी की पहली विदा के बाद से ही पति हेमंत, सास कल्पना, ससुर रमाकांत, देवर राज व छोटू, ननद रौनक तथा ननदोई सतीश दहेज से असंतुष्ट थे। वह पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाने लगे और बात न मानने पर प्रताड़ित करने लगे। चार लाख रुपये देने के बावजूद ससुरालियों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। वे दो लाख रुपये और मांगने लगे।

आरोप है कि 23 जून को जब पिता और बहन रिमी उसे समझाने ससुराल पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। थाने में शिकायत करने पर आरोपियों ने साजिश के तहत पुलिस चौकी जेवर में झूठा मुकदमा लिखा दिया। इसके साथ ही उसके गहने, कपड़े व सामान छीनकर उसे बच्चे सहित घर से बाहर निकाल दिया। शिकायत करने पर बहन की नौकरी छुड़वाने व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *