{“_id”:”6aed7c55dffea0bd330fb848″,”slug”:”amethi-jewellery-worth-lakhs-and-a-revolver-stolen-from-bsf-jawan-s-home-thieves-gained-entry-via-the-roof-2026-11-06″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”अमेठी: बीएसएफ जवान के घर से लाखों की ज्वेलरी और रिवाल्वर चोरी, छत के रास्ते घुसे चोर कर गए खेल”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

बीएसएफ जवान के घर चोरी।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
बाईपास स्थित होटल वृंदावन के सामने बीएसएफ जवान रामजस यादव के घर को चोरों ने निशाना बनाकर लाखों की चोरी की। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और कमरों की तलाशी लेकर करीब 10 से 12 लाख रुपये की ज्वेलरी, डेढ़ से पौने दो लाख रुपये नकद, 32 बोर की लाइसेंसी रिवाल्वर और 8 से 10 कारतूस लेकर फरार हो गए। घर लौटने पर टूटी ग्रिल और बिखरा सामान देखकर जवान के होश उड़ गए।
रामजस यादव ने बताया कि वह छुट्टी लेकर घर आए थे।
पैतृक गांव में भंडारे का कार्यक्रम होने के कारण परिवार के साथ वहां चले गए थे। घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था। बृहस्पतिवार दोपहर तक सब कुछ ठीक था। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि घर की ग्रिल टूटी हुई है। इस पर वह मौके पर पहुंचे तो कमरों का सामान बिखरा मिला। अलमारी और बक्सों में रखी ज्वेलरी, नकदी और लाइसेंसी रिवाल्वर गायब थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अमेठी कोतवाली पुलिस के साथ सीओ गौरीगंज अखिलेश वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। लाइसेंसी रिवाल्वर और कारतूस चोरी होने से पुलिस के सामने आरोपियों की तलाश के साथ हथियार बरामद करने की भी चुनौती है।
सीओ गौरीगंज अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

