आगरा कैंट स्टेशन पर सोमवार की रात चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करना एक यात्री के लिए जानलेवा साबित हुआ। जीटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह परिजन आगरा पहुंचे और पोस्टमॉर्टम के बाद शव अपने साथ ले गए।
जीआरपी थाना आगरा कैंट के इंस्पेक्टर संदीप तोमर ने बताया कि नई दिल्ली जाने वाली जीटी एक्सप्रेस सोमवार रात करीब डेढ़ बजे आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी। तभी सूचना मिली कि ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते समय एक व्यक्ति प्लेटफार्म से नीचे गिर गया। ट्रेन के ऊपर से गुजरने के कारण उसका सिर धड़ से अलग हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को ट्रैक से हटाया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान श्रीराम (50) निवासी मंडी जमुनिया, जिला सागर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई। पहचानपत्र पर दर्ज मोबाइल नंबर से परिजन को सूचना दी गई। सुबह मृतक के परिजन मदन और भोला आगरा कैंट थाने पहुंचे। दोपहर बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने पर परिजन शव को अपने साथ ले गए।
