आगरा के मोहनपुरा में एक घर में गैस एजेंसी का ट्रॉली मैन एलपीजी सिलिंडर से गैस रिफिलिंग करते पकड़ा गया। वह सिलिंडर पर लिखे वजन को पेंट कर मिटा भी देता था। रकाबगंज थाने की पुलिस और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने 12 घरेलू सिलिंडर और उपकरण बरामद किए हैं।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रामजतन यादव ने बताया कि 18 अगस्त की शाम को टीम ने मोहनपुरा में छापा मारा। आरोप है कि वहां गांव लहरा, शमसाबाद निवासी रमाकांत घरेलू गैस सिलिंडर से गैस रिफिलिंग कर रहा था। वह बालूगंज स्थित भारत गैस एजेंसी का ट्रॉली मैन है। मौके पर 12 सिलिंडर मिले, जिनमें 11 इंडेन और 1 एचपी कंपनी का था।
आरोपी के मुताबिक, वह 5 घरेलू सिलिंडर व पर्ची लेकर सप्लाई देने निकला था। मगर मोहनपुरा में अपनी बुआ के घर पर 7 सिलिंडर में रिफिलिंग के लिए आ गया। दो सिलिंडर से गैस निकालने पर ही पुलिस पहुंच गई। मौके पर गैस के वजन को मिटाने के लिए पेंट की 8 छोटी शीशी भी मिलीं। वह बाइक से सिलिंडर की सप्लाई करता है।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने बताया कि सात सिलिंडर के संबंध में आरोपी कोई कागजात नहीं दिखा सका। सिलिंडरों का वजन 1 से लेकर 11.6 किलोग्राम तक कम मिला। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
