आगरा के सदर थाना क्षेत्र के नैनाना ब्राह्मण में बृहस्पतिवार रात चोरों ने एक बंद मकान के ताले तोड़कर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर के किचन से लेकर कमरों की अलमारी तक को खंगाल डाला और करीब आठ लाख रुपये के जेवरात और एक लाख रुपये नकद ले गए।
नैनाना ब्राह्मण निवासी मदन मोहन शर्मा रेलवे से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी रेखा रानी शर्मा घर में अकेली रहती हैं। उनके बेटे देवेंद्र आवास विकास कॉलोनी में रहते हैं। दो दिन पहले रेखा रानी अपनी रिश्तेदारी में दिल्ली गई हुई थीं। इसी का फायदा उठाते हुए बृहस्पतिवार की रात चोरों ने मकान के मुख्य गेट और कमरों के तीन ताले तोड़ दिए।
चोरों ने घर में कीमती सामान की तलाश में पूरे घर को छान मारा। किचन में रखे दाल-मसालों के डिब्बों को भी खोलकर देखा गया। अलमारी और बेड में रखा सारा सामान पलट दिया गया। इसके बाद चोरों ने अलमारी की तिजोरी को तोड़ा और उसमें रखे आठ लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और करीब एक लाख रुपये नकद चुरा लिए।
शुक्रवार सुबह पड़ोसियों की सूचना पर बेटे देवेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि चेहरे पर रुमाल बांधे संदिग्धों के फुटेज सीसीटीवी कैमरों में मिले हैं। सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
