जागरण संवाददाता आगरा। थाना ट्रांस, यमुना क्षेत्र के विकास नगर, शाहदरा में शादी समारोह से लौट रही बरात पर घात लगाकर बैठे लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि शादी समारोह में हुई मामूली कहासुनी को रंजिश मानकर हमलावरों ने बारातियों पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला बोल दिया।

अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। घटना में छत्रपाल, लोकेश, गौरव और योगेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

लाठी-डंडों और सरियों से बरातियों पर किया हमला

जानकारी के अनुसार विकास नगर, शाहदरा से बरात टप्पल के लिए गई थी। शादी समारोह के दौरान दूल्हे के चाचा मोहन सिंह और दूल्हे के भाई योगेश की पवन पुत्र निरंजन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। मौके पर मौजूद बाराती छत्रपाल ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था और शादी समारोह में किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होने दी।

कहासुनी को रंजिश मानकर रिश्तेदार भी बुला लिए

आरोप है कि इसी कहासुनी को रंजिश मानते हुए पवन ने अपने पिता निरंजन और अन्य रिश्तेदारों को फोन कर बुला लिया। रविवार सुबह करीब चार बजे जब बरात वापस विकास नगर, शाहदरा पहुंची तो भगेल डेयरी के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने बरातियों को घेर लिया और लाठी-डंडों व लोहे की सरियों से हमला कर दिया।

हमले में चार लोग गंभीर रूप से हुए घायल 

घायल लोकेश के मुताबिक, निरंजन, टिंकू, पवन, बंटी समेत अन्य अज्ञात लोगों ने इस हमले को अंजाम दिया। हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत पत्र नहीं मिला है, मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।



Source link