गहमर। थाना क्षेत्र के भतौरा गांव के चार युवकों की बक्सर में हुए सड़क हादसे में मौत के बाद माहौल गमगीन है। अपनों को खोने का गम परिजनों के चेहरे पर साफ झलक रहा है। शनिवार को भी मृतकों के घरों में चूल्हे नहीं जले।
भतौरा गांव निवासी रामनिवास राम के बेटे अरुण राम की शादी में शामिल होने के लिए बराती बिहार के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित विशुनपुरा गांव जा रहे थे। घर और बरातियों में शादी को लेकर खुशी का माहौल था। सभी लोग उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान बृहस्पतिवार की देर शाम बक्सर जिले के सोनपा गांव के समीप हनुमान राय के डेरा के पास बरातियों की कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
इस भीषण हादसे में भतौरा गांव के बादल कुमार ठाकुर, दिव्यांशु ठाकुर, इरफान अली और अरबाज अली की मौत हो गई। चार युवकों की असमय मौत से गांव में शोक की लहर है। शनिवार को भी मृतकों के घरों पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। महिलाएं एक-दूसरे को ढाढ़स बंधाती रहीं, लेकिन मृतकों की याद आते ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़ते थे। शुक्रवार की पूरी रात घरों में रोने और सिसकियों की आवाजें गूंजती रहीं।
इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर हर किसी की आंखें नम हो जा रही थीं। इस दुख की घड़ी में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक लोगों ने मृतकों के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
