पडरौना। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही लोगों का ब्लड प्रेशर गड़बड़ाने लगा है। इसका असर मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में भी दिखने लगा है। यहां प्रतिदिन करीब 200 मरीज बढ़े हुए बीपी की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें बुजुर्गों के साथ युवा भी शामिल हैं। डॉक्टरों ने ठंड के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने और नियमित रूप से बीपी की जांच कराने की सलाह दी है।
मेडिकल कॉलेज के फिजिशियन विभाग में मरीजों का उपचार कर रहे डॉ. अखिलेश ने बताया कि तापमान में गिरावट के कारण शरीर की रक्त नलिकाएं सिकुड़ने लगती हैं। इससे रक्तचाप बढ़ने की आशंका रहती है। खासकर पहले से हाई बीपी की समस्या से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। ठंड में शारीरिक गतिविधियां कम होना, खानपान में बदलाव और नियमित दवाएं नहीं लेना भी परेशानी बढ़ा सकता है।
चेस्ट विभाग के डॉ. उपेंद्र चौधरी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में प्रतिदिन करीब एक हजार से 1200 मरीज पहुंचते हैं। इनमें 200 से अधिक मरीजों का बीपी बढ़ा हुआ मिल रहा है। मरीजों को नियमित रूप से रक्तचाप की जांच कराने, डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं लेने और ठंड से बचाव करने की सलाह दी जा रही है।
डॉक्टरों ने सुबह और देर रात अधिक ठंड के समय बाहर निकलने से बचने, संतुलित खानपान अपनाने और नियमित शारीरिक गतिविधियां जारी रखने की सलाह दी है।
