निचलौल। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को आवास और चकबंदी से जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। निचलौल तहसील सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 158 फरियादियों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।

कुल मामलों में से 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्षता के साथ समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया गया। चकबंदी और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायतें अधिक मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि शासन की योजनाओं और जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिकायतों में राजस्व विभाग के 50, विकास विभाग के 40, पुलिस विभाग के 40, चकबंदी विभाग के 15, विद्युत विभाग के 10 और अन्य विभागों के तीन मामले शामिल रहे। डीएम ने चकबंदी मामलों और आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान का निर्देश दिया।

पुराने चक आवंटन में बदलाव पर जताई आपत्ति : चकबंदी प्रक्रिया में खेत के चक आवंटन में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बैठवलिया गांव की शारदा देवी पत्नी जनन ने अपनी फरियाद रखी। डीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारी को तत्काल तलब कर मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान एसपी शक्ति मोहन अवस्थी, विधायक प्रेम सागर पटेल, पीडी रामदरश आदि माैजूद रहे।



Source link

अभी अभी की खबरें