केराकत। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत युवाओं को उनकी शैक्षिक और तकनीकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को पब्लिक इंटर कॉलेज केराकत में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित मेले में 15 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इसमें कुल 547 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर साक्षात्कार दिया, जिनमें से 261 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं, चयनित नौ अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि युवा देश का भविष्य और ताकत हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने ऑफर लेटर पाने वाले अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने बताया कि जनपद की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई और डिप्लोमाधारी युवाओं के साथ श्रमिकों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
