पांच में से चार कनेक्शन बंद, 10 से 12 की है जरूरत, मिल रहे महज दो सिलिंडर

जिलाधिकारी से शिकायत के दो महीने बाद भी समाधान नहीं

फरीदुद्दीन

धीना। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक और गर्म मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था रसोई गैस की किल्लत से प्रभावित हो रही है। दो महीने से ज्यादा समय से सिलिंडर की आपूर्ति नहीं होने से धुएं में पक रहा है 14 स्कूलों का मिड डे मील। इसमें अकेले बरहनी ब्लॉक की देवकली ग्राम पंचायत के तीन स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा 11 स्कूल पूरे जिले भर से हैं।

सिलिंडर नहीं होने से रसोइयों को लकड़ी और उपलों के सहारे तीन स्कूलों के 420 बच्चों का भोजन पकाना पड़ रहा है। इससे न केवल भोजन तैयार करने में अधिक समय लग रहा है, बल्कि रसोई संचालन में भी मुश्किलें आ रही हैं। विद्यालयों के लिए पांच गैस कनेक्शन होने के बावजूद चार बंद हैं। एक कनेक्शन से महीने में महज दो सिलिंडर मिल पा रहे हैं, जबकि तीनों विद्यालयों को मिलाकर 10 से 12 सिलिंडर की जरूरत होती है।

ग्राम पंचायत के देवकली कंपोजिट विद्यालय, सेवखरी कंपोजिट विद्यालय और मोहनभिट्टी प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाने के लिए गैस कनेक्शन की व्यवस्था की है। बावजूद नियमित आपूर्ति नहीं होने से व्यवस्था बेपटरी है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हनुमान प्रसाद ने बताया कि दिवाली से पहले से ही गैस सिलिंडर की बुकिंग कराने में परेशानी हो रही है। चार कनेक्शनों पर आपूर्ति बंद होने से रसोइयों को उपलब्ध वैकल्पिक ईंधन से काम चलाना पड़ रहा है।

इन 11 विद्यालयों में चूल्हा ही सहारा

राष्ट्रीय एमडीएम रसोइया महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि चंदौली जिले में मधुपुर प्राथमिक विद्यालय, परासीकला प्राथमिक विद्यालय, देवरापुरा प्राथमिक विद्यालय, कुचमन प्राथमिक विद्यालय, जसुरी कंपोजिट विद्यालय, संघति प्राथमिक विद्यालय, धमीना प्राथमिक विद्यालय, माटीगांव प्राथमिक विद्यालय, रेवसा कंपोजिट विद्यालय, पटपरा प्राथमिक विद्यालय और पटपरा माध्यमिक विद्यालय में उपला, लकड़ी पर ही मिड डे मील बन रहा है। धुएं के बीच रसोइयों को काम करना पड़ता है। इससे उनके स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है।

केस-1

देवकली कंपोजिट विद्यालय : लकड़ी और उपलों से बन रहा भोजन

देवकली कंपोजिट विद्यालय में 290 बच्चे हैं। यहां सिलिंडर नहीं मिल पाने के कारण रसोइयों को लकड़ी और उपलों का सहारा लेना पड़ रहा है। रसोई गैस पर भोजन बनाने की व्यवस्था होने के बावजूद वैकल्पिक ईंधन जुटाना मजबूरी बन गई है। इससे रसोइयों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ रही है। लकड़ी और उपलों पर भोजन पकाने में अधिक समय लगता है।

केस-2

सेवखरी कंपोजिट विद्यालय : बंद कनेक्शन से बढ़ी परेशानी

सेवखरी कंपोजिट विद्यालय में 95 बच्चे पंजीकृत हैं। यहां भी गैस आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। विद्यालय के लिए आवंटित कनेक्शन बंद होने से रसोई संचालन में दिक्कत आ रही है। सिलिंडर नहीं मिलने से रसोइयों को दूसरे ईंधन पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत के पांच कनेक्शनों में चार बंद होने का असर तीनों विद्यालयों की रसोई पर पड़ रहा है।

केस-3

मोहनभिट्टी प्राथमिक विद्यालय : महीने में दो सिलिंडर से नहीं चल रहा काम

मोहनभिट्टी प्राथमिक विद्यालय में 35 बच्चे पंजीकृत हैं। यहां भी मध्याह्न भोजन बनाने के लिए गैस की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है। एकमात्र चालू कनेक्शन से महीने में केवल दो सिलिंडर मिल रहे हैं, जबकि तीनों स्कूलों की संयुक्त जरूरत 10 से 12 सिलिंडर प्रतिमाह है। ऐसे में उपलब्ध सिलिंडर से पूरे महीने भोजन बनाना संभव नहीं हो पा रहा है।

इनसेट

दो महीने पहले डीएम से की थी शिकायत, अब तक समाधान नहीं

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हनुमान प्रसाद ने बताया कि गैस की समस्या के लिए करीब दो महीने पहले जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में तीनों विद्यालयों के लिए गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की गई थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। तीनों विद्यालयों में महीने में 12 सिलिंडर की आवश्यकता होती है, लेकिन चार कनेक्शन बंद होने और एक पर केवल दो सिलिंडर मिलने से व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

प्रतिक्रिया

विद्यालय में बच्चों का भोजन लकड़ी और उपलों पर बनते देख चिंता होती है। गैस की नियमित आपूर्ति नहीं होने से रसोइयों को परेशानी उठानी पड़ रही है। –रिसीव बिंद, देवकली

सरकार बच्चों को पौष्टिक भोजन देने की व्यवस्था कर रही है, लेकिन गैस नहीं मिलने से योजना प्रभावित हो रही है। जिम्मेदार अधिकारियों को जल्द इस समस्या का समाधान कराना चाहिए। –पप्पू बिंद, देवकली

दो महीने से विद्यालयों में गैस की किल्लत बनी हुई है। धुएं में भोजन बनाने से रसोइयों की परेशानी बढ़ रही है और बच्चों को समय पर भोजन मिलना भी चुनौती बन रहा है। –दरोगा राय, बरहनी

पांच कनेक्शन होने के बावजूद चार का बंद रहना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। अधिकारियों को तत्काल गैस आपूर्ति बहाल करानी चाहिए, ताकि बच्चों के भोजन पर संकट न आए। –हनुमान बिंद, देवकली

वर्जन

विद्यालयों के प्रधानाध्यापक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से गैस आपूर्ति की समस्या को लेकर लिखित शिकायत कराएं। शिकायत मिलने पर मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

–वासुदेव तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी, चंदौली

वर्जन

जिले के विद्यालयों में मिड डे मील के लिए गैस सिलिंडर की पूरी व्यवस्था है। अगर कुछ ऐसे विद्यालय हैं जहां दिक्कत हो रही है तो उनकी जांच कराकर आपूर्ति कराई जाएगी।-सचिन कुमार, बीएसए, चंदौली

देवकली में चूल्हे पर खाना बनातीं रसोईयां। स्रोत:-जागरूक पाठक

देवकली में चूल्हे पर खाना बनातीं रसोईयां। स्रोत:-जागरूक पाठक

देवकली में चूल्हे पर खाना बनातीं रसोईयां। स्रोत:-जागरूक पाठक

देवकली में चूल्हे पर खाना बनातीं रसोईयां। स्रोत:-जागरूक पाठक



Source link

अभी अभी की खबरें