श्रीराम फाइनेंस का फर्जी कर्मचारी बनकर 7.50% ब्याज का दिया झांसा, फील्ड ऑफिसर बताकर साथी ने लिए दस्तावेज व चेक

देली गेट क्षेत्र के महावीरगंज निवासी पीड़ित ने थाने में दी तहरीर, कानूनी कार्रवाई व रकम वापसी की गुहार

अलीगढ़। थाना देली गेट क्षेत्र में लोन ट्रांसफर कराने का प्रलोभन देकर एक बर्तन दुकानदार से 1,99,000 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कथित तौर पर चेक में हेराफेरी कर बैंक खाते से रकम निकाल ली। पीड़ित ने इस संबंध में थाना प्रभारी देहली गेट को लिखित तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

तहरीर के अनुसार, प्रार्थी कृष्ण गोपाल निवासी महावीरगंज, माता वाली गली, थाना देहली गेट के रहने वाले हैं। वे महावीरगंज में एवन बर्तन सेंटर नाम से बर्तनों की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

पीड़ित ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से उनके पास बार-बार कॉल आ रहे थे। कॉल करने वाला व्यक्ति अपना नाम तौसिफ आलम बताता था और खुद को श्रीराम फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताता था। उसे पीड़ित का नाम और लोन की डिटेल्स पहले से मालूम थीं। उसने कहा कि पीड़ित ने एचडीबी बैंक से 30,00,000 रुपये का लोन ले रखा है, जिसे श्रीराम फाइनेंस कंपनी में ट्रांसफर कराने पर केवल 7.50 प्रतिशत सालाना ब्याज देना होगा और एचडीबी बैंक की अधिक ब्याज दर से बचाव हो जाएगा।

दस्तावेज और चेक लेकर उसी दिन निकाले गए रुपये

उसकी बातों पर विश्वास कर पीड़ित लोन ट्रांसफर कराने के लिए तैयार हो गए। तहरीर के मुताबिक, दिनांक 16/11/2026 को सुबह करीब 11:00 बजे तौसिफ आलम ने अपने एक साथी राजेन्द्र कुमार पाण्डेय (पुत्र श्री चन्द्रपाल पाण्डेय, निवासी स्वर्ण जयंती नगर, रामघाट रोड, थाना क्वार्सी, जिला अलीगढ़) को अपनी दुकान पर श्रीराम फाइनेंस कंपनी का फील्ड ऑफिसर बताकर भेजा।

राजेन्द्र कुमार पाण्डेय के मांगने पर पीड़ित ने उसे अपने आधार कार्ड, पैन कार्ड, जीएसटी पंजीकरण की छायाप्रति, दो फोटो तथा अपने केनरा बैंक खाते के दो चेक दे दिए। दिए गए चेक में एक कैंसिल चेक तथा दूसरा 299 रुपये का चेक था।

इसके बाद उसी दिन 16/11/2026 को दोपहर 03:39 बजे केनरा बैंक में पंजीकृत नंबर पर बैंक खाते से 1,99,000 रुपये निकल जाने का संदेश आया। पीड़ित के अनुसार, तौसिफ आलम, राजेन्द्र कुमार पाण्डेय व अन्य साथियों ने षड्यंत्र रचकर छल-कपट व कूट रचित तरीके से चेक के साथ खिलवाड़ और हेराफेरी करते हुए रकम निकाल ली।

दूसरे नंबर से भी आया फोन, तनाव में पीड़ित

पीड़ित ने यह भी बताया कि तहरीर देने के दिन एक अन्य नंबर से भी किसी व्यक्ति ने फोन कर खुद को श्रीराम फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताया। इस घटना से पीड़ित को भारी आर्थिक हानि पहुंची है और वे अत्यधिक मानसिक तनाव में हैं।



Source link