
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि यूपी में प्राथमिक विद्यालयों के मर्जर के विरोध में बुधवार से पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया जाएगा। राज्य में मधुशाला नहीं पाठशाला चाहिए। जो मामला हाईकोर्ट में खारिज हुआ है, उसे सुप्रीम कोर्ट में ले जाया जाएगा। पूरे प्रदेश में स्कूलों को बचाने के लिए आंदोलन होगा। संसद सत्र 21 जुलाई से शुरू हो रहा है। इसमें भी यह मामला उठाया जाएगा।
आप सांसद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी रहे आलोक द्विवेदी के बड़े भाई अभय द्विवेदी के निधन पर शोक प्रकट करने मंगलवार रात यहां पहुंचे थे। इस दौरान संवाददाताओं से बातचीत करते हुए महाराष्ट्र में चल रहे भाषा विवाद पर उन्होंने कहा कि हम सभी भाषा का सम्मान करते हैं। चाहे वह हिंदी हो, असमिया हो या कोई और भाषा हो। हिंदी भाषा से किसी को नफरत करने का अधिकार नहीं है। देश की बड़ी आबादी हिंदी भाषा बोलती है। मराठी भाषा भी हिंदुस्तानी भाषा है। महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों के साथ मारपीट बर्दाश्त नहीं है।
यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव पर कहा कि अभी हम पंचायत चुनाव पर फोकस कर रहे हैं। अभी हम इंतजार कर रहे हैं कि योगी सरकार ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत के चुनाव भी सीधे जनता से कराए। इसका हम स्वागत करेंगे। कांवड़ यात्रा के मार्गों की दुकानों पर नेम प्लेट लगाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह भी तनाव का कारण बनता जा रहा है।
नफरत की बुनियाद पर आगे नहीं बढ़ पाया कोई मुल्क
उन्होंने कहा कि होली हो दिवाली, सभी पर्व तनाव के कारण बनते जा रहे हैं। त्योहार तनाव का कारण नहीं बनने चाहिए। दुनिया का कोई भी मुल्क नफरत की बुनियाद पर आगे नहीं बढ़ पाया है। इसका सीधा उदाहरण पड़ोसी देश पाकिस्तान का है, जिस देश में भी हिंसा को बढ़ावा दिया जाएगा, वह तरक्की नहीं कर सकता है। इसलिए हिंदुस्तान को तरक्की करना है तो हमे धर्मनिरपेक्ष होने की पहचान देनी होगी। इस दौरान उनके साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह भी मौजूद रहे।
