इटावा जिले के बकेवर कस्बे में बारिश का कहर अब स्कूलों को चपेट में लेने लगा है। पिछले तीन दिन में हुई बारिश के कारण कई परिषदीय स्कूलों के परिसर जलमग्न हो गए हैं। शुक्रवार की दोपहर गुरुवार की रात को क्षेत्र में हुई तेज बारिश के बाद नेशनल हाईवे के किनारे स्थित ग्राम पंचायत बिजौली के कम्पोजिट विद्यालय परिसर में जलभराव हो गया। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से जलभराव हो गया है।
प्रधानाध्यापिका ने खंड शिक्षा अधिकारी को सूचना दी। जलभराव के कारण शनिवार को स्कूल गांव के पंचायत घर में लगाना पड़ा। शुक्रवार को स्कूल परिसर में थोड़ा पानी भरा था, जिससे स्कूल के कमरों तक आने-जाने के रास्ते खुले थे। शुक्रवार दोपहर और शाम को अच्छी बारिश इस क्षेत्र में होने से स्कूल परिसर में और अधिक पानी भर गया। इससे स्कूल के मुख्य गेट से कमरों तक जाने आने का रास्ता भी छह इंच तक डूब गया।
