फिल्मों और ओटीटी प्लेटफार्म पर अपने टैलेंट का जलवा बिखेर रहे कानपुर के उभरते कलाकार और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कपिल कनपुरिया (कपिल शुक्ला) ने अपनी अदाकारी में कनपुरिया बोली का दामन कभी नहीं छोड़ा। उनका कहना है कि इसी कनपुरिया अंदाज के बलबूते अभी तक उनकोा सफलता मिली है।
अमर उजाला से बातचीत में कपिल ने बताया कि उनके करियर में टर्निंग पॉइंट तब आया जब उनकी बाइक सर्विस वाली एक रील सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो गई। इस रील में उनके स्वाभाविक अभिनय को देखकर प्रोड्यूसर सचिन पांडे प्रभावित हुए और उन्होंने बुलावा भेजा। इस एक रील ने सीधे ओटीटी की दुनिया में एंट्री दिला दी। कपिल ने बताया कि ऐसे ही उन्हें पहली वेबसीरीज- ठुकरा के मेरा प्यार, मिल गई और अब 19 जून को उसका दूसरा पार्ट भी आ रहा है, जिसमें वे फिर निगेटिव रोल में नजर आएंगे। कपिल ने बताया कि रील के लिए वे कंटेंट अपने ही घर परिवार और रिश्तेदारों के बीच से निकाल लेते हैं।