एटा के अलीगंज कस्बे के मोहल्ला मेवातियां में मंगलवार सुबह चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाया। चोर शटर काटकर दुकान में दाखिल हुए और अंदर रखी पूरी तिजोरी उठाकर फरार हो गए।
दुकानदार कन्हैया वर्मा के मुताबिक तिजोरी में करीब 8 किलो चांदी और 30 ग्राम सोना रखा था। उन्होंने 20 से 22 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान बताया है। हालांकि पुलिस ने अभी नुकसान का अंतिम सत्यापन नहीं किया है। सुबह करीब 6:40 बजे पड़ोसी दुकानदार ने शटर कटा होने की सूचना दी, जिसके बाद घटना का पता चला।
सूचना पर पुलिस टीम के साथ प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा और सीओ अलीगंज राजेश सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सीओ के अनुसार अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर घटना के जल्द खुलासे का प्रयास किया जाएगा।
