आगरा। बकाया संपत्तिकर, गृहकर, सीवर और जलकर जमा कराने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से लागू की गई एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) में अब तक 2700 बकाएदारों ने पंजीकरण कराया है। डेढ़ माह के दौरान 2.50 करोड़ रुपये का बकाया टैक्स जमा किया गया है जबकि 5.14 करोड़ रुपये की डिमांड निकाली गई है। इस योजना का लाभ लेने के लिए 14 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे।

एकमुश्त समाधान योजना का फायदा करदाताओं तक पहुंचाने के लिए नगर निगम ने वार्डों में कैंप लगाने शुरू किए हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी (सीटीओ) शिव कुमार गौतम ने बताया कि सोमवार दोपहर तक करीब 2700 करदाताओं ने ओटीएस का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराया। निगम प्रशासन का प्रयास है कि अभियान को और गति देकर ज्यादा-से-ज्यादा बकायेदारों को योजना के दायरे में लाया जाए, जिससे नगर राजस्व वसूली बढ़े और लंबे समय से बकाया कर जमा कराने का मौका करदाताओं को मिल सके।

ओटीएस 15 अगस्त से 31 दिसंबर तक लागू है लेकिन योजना का लाभ लेने के लिए करदाताओं को 14 नवंबर तक आवेदन करना होगा। इसके बाद नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

हरीपर्वत जोन में सबसे ज्यादा आवेदन

कर अधीक्षक अक्षय कुमार के अनुसार शहर के विभिन्न जोन में लगाए जा रहे शिविरों में करदाता बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। हरीपर्वत जोन में अब तक सर्वाधिक करीब 850 लोगों के आवेदन कराए जा चुके हैं। इस योजना के तहत अक्तूबर माह हर वार्ड में कैंप लगाए जाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें